स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत नौ नवंबर से 19 नवंबर 2018 तक स्वच्छ भारत विश्व शौचालय दिवस मनाया जाएगा। जिस दौरान जनसमुदाय को जागरूक करने के लिए विभिन्न तरह के कार्यक्रम कराए जाएंगे। गांवों में रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इसमें बेहतर कार्य करने वाले स्वच्छाग्राहियों और प्रधानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं बेहतर ढंग से कार्यक्रम का क्रियान्वयन कराने पर डीएम को भी अभिनेता एवं ब्रांड एम्बेसडर अक्षय कुमार से मुलाकात का मौका मिलेगा।
जनपद को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) बनाने के लिए शौचालय बनाने के साथ ही जनसमुदाय के व्यवहार परिवर्तन पर जोर दिया जा रहा है। 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस मनाया जाएगा। जिससे पहले नौ नंवबर 2018 से गांवों में लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों पर समुदाय बैठक कराई जाएगी। इसके अलावा घर-घर संपर्क और रैली निकालकर स्वच्छता के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाया जाएगा। डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि मुख्य सचिव की ओर से निर्देश जारी हुए हैं, जिनका अनुपालन कराने की तैयारी की जा रही है। शौचालय दिवस से संबंधित प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।