लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के एलआरपी स्थित आर्यावर्त बैंक के शाखा प्रबंधक और फील्ड ऑफीसर समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपियों ने मुद्रालोन के नाम पर 4.10 लाख रुपये हड़प लिए। तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला कमलापुरी निवासी सीमा देवी ने बताया कि हार्डवेयर और सेनेटरी का काम करने को लेकर जिला उद्योग केंद्र से पांच लाख रुपये मुद्रा लोन स्वीकृत कराया था। इसको लेकर आर्यावर्त बैंक एलआरपी रोड शाखा लखीमपुर में खाता भी खुलवाया था, जिसमें मुद्रा लोन का रुपया खाते में स्थानांतरित किया गया था।
उनका कहना है कि आर्यावर्त बैंक शाखा के प्रबंधक तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमरजीत ने 31 जनवरी 2022 को उसका बचत खुलवाया। वहीं एक लिमिट का खाता 23 नवंबर 2022 को सीमा देवी पुत्री जोगेन्द्र के नाम से खुलवा दिया। आरोप है कि शाखा प्रबंधक अमरजीत, फील्ड मैनेजर आर्यावर्त बैंक शोभित कुमार व ब्रोकर सुधीर बाजपेयी निवासी मोहल्ला निर्मलनगर ने धोखाधड़ी करते हुए विड्राल बाउचरों पर हस्ताक्षर कराते हुए बलराज ट्रेडर्स फतेपुर सैधरी के खाते में 23 नवंबर 2022 को 2,85,000 रुपये स्थानान्तरित कर फर्म के प्रोपराइटर से जालसाज कर रुपए हड़प लिए।
कथित इस फर्म के कुटेशन पर उसके (सीमा देवी) के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर बैंक में दो दिसंबर 2022 को तीन लाख रुपये का सामान प्राप्त करने का विवरण दाखिल कर दिया। वहीं वर्तमान शाखा प्रबन्धक ने उसकी फर्जी हस्ताक्षर कराकर एक लाख 25 हजार रुपये की एफडी तुड़वाकर भुगतान ले लिया, जबकि बलराज ट्रेडर्स के प्रोपराइटर ने उसे कोई भी सामान नहीं दिया।
आरोप है कि उसने जब सामान और धनराशि के बारे में जानकारी ली तो सभी लोगों ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने पांच लोगों को नामजद जिसमें अमरजीत, शोभित कुमार, सुधीर बाजपेई व दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।