लखीमपुर खीरी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर जनपद खीरी के सभी आपदामित्रों को प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए एसडीआरएफ लखनऊ के लिए रवाना किया। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जिले से 500 आपदामित्रों का चयन किया जाना है। जिले की सभी तहसीलों से अब तक कुल 338 आपदामित्रों का चयन कर लिया गया है।
आपदामित्र परियोजना के तहत चयनित आपदामित्रों का 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण राज्य आपदा मोचक बल, एसडीआरएफ लखनऊ में 23 मार्च से होना प्रस्तावित है। ट्रेनिंग का व्यय का वहन राज्य आपदा मोचक बल, एसडीआरएफ लखनऊ करेगा। जिसमे ट्रेनिंग में आने-जाने, ठहरने, भोजन की व्यस्था शामिल है। सभी आपदा मित्रों को लगभग 10 हजार रुपये की किट (बाढ़ बचाव उपकरण, मेडिकल फर्स्ट एड किट, युनिफार्म इत्यादि समिल्लित है), एक मेडिकल बीमा भी किया जायेगा तथा प्रशिक्षण के बाद प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा।
एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ लखनऊ द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त सभी आपदा मित्रों को जनपद में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के द्वारा किसी भी आपदा के दौरान स्वयं सेवक (राहत, बचाव, जागरूकता में) के रूप में सेवा ली जाएगी। बताते चले कि आपदामित्र राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार नई दिल्ली द्वारा संचालित परियोजना है। जिसके अंतर्गत पूरे देश के 350 संवेदनशील जनपदों से लगभग एक लाख स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाना है। उक्त 350 संवेदनशील जनपदों में उत्तर प्रदेश के 25 जनपद समिल्लित है।