डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एआरटीओ। स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। परिवहन विभाग के अफसरों ने बुधवार को ढखेरवा, निघासन, सिंगाही आदि मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। बिना फिटनेस व बिना परमिट दौड़ रहे 31 वाहनों को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
बस यूनियन पदाधिकारियों व ऑपरेटरों ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ एआरटीओ शांतिभूषण से शिकायत की थी। कहा कि डग्गामार वाहनों की वजह से काफी नुकसान होता है। विरोध करने पर चालक मारपीट पर उतारू हो जाते है। एआरटीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया। ढखेरवा में 13, निघासन में 13 और सिंगाही में पांच वाहनों को सीज कर दिया।
इसमें कोई अनफिट वाहन था तो किसी का परमिट नहीं था। एआरटीओ ने बताया कि अब समय-समय पर इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।