लखीमपुर खीरी। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को आई रिपोर्ट में 262 कोरोना संक्रमित मिले। एक जनवरी से अब तक करीब 2499 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इसमें भी युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा है।
पिछली दोनो लहरों की तरह इस बार भी युवा सबसे ज्यादा कोरोना का शिकार बन रहे हैं। अब तक जिले में जितने भी लोग संक्रमित मिले हैं उसमें करीब तीन प्रतिशत बच्चे हैं। इनकी उम्र 10 साल तक है। वहीं करीब 10 प्रतिशत किशोर किशोरियां हैं। जबकि 25 से 50 साल तक के लोगों का प्रतिशत 53 और 50 से 60 साल आयु के लोग करीब 15 प्रतिशत हैं। उधर, 60 से 70 साल के लोगों को प्रतिशत 10 जबकि इससे अधिक उम्र के संक्रमितों की संख्या करीब दो प्रतिशत है। डॉक्टरों का कहना है कि युवाओं का सबसे ज्यादा संक्रमण की चपेट में आने का कारण इनका घर से बाहर निकलना और संक्रमित लोगों के संपर्क में आना है।
कोरोना कर रहा वार, फिर भी युवा लापरवाह
जिले में संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। सबसे ज्यादा इसका शिकार युवा हो रहे हैं। बावजूद इसके युवा ही लापरवाही बरत रहे हैं। घर से बाहर निकलकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन न करना इसका सबसे बड़ा कारण है। डॉक्टरों का कहना है कि संक्रमण से बचाव के लिए मास्क इस तरीके से लगाएं कि नाक और मुंह पूरी तरह से ढका रहे। बाजार आदि में बार बार न तो मास्क छुएं और न ही चेहरे को। इस तरह सावधानी बरतकर कोरोना को हराया जा सकता है।
जिले में अब तक 2499 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 958 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से बचाव का उपाय टीकाकरण और जागरूकता है। सभी लोग टीकाकरण कराकर कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन स्वयं सुरक्षित रहकर परिवारवालों को भी सुरक्षित रखें।
- डॉ. शैलेंद्र भटनागर, सीएमओ