लखीमपुर खीरी। विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासन अपनी तैयारी पूरी करने में जुटा है। आठ विधानसभा क्षेत्रों को 24 जोन में विभाजित कर 207 सेक्टर बनाए गए हैं। चुनाव प्रचार व पार्टियों की निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा के लिए तीन-तीन उड़नदस्ता व स्थायी निगरानी टीमें गठित की गई हैं। जो क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यकतानुसार कार्रवाई करेंगी।
जनपद की आठों विधानसभा क्षेत्राें में कुल 1645 मतदान केंद्रों पर 3172 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जिन पर 28,02,835 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 14,95,089 पुरुष मतदाता और 13,07,623 महिला और 123 किन्नर मतदाता हैं। पलिया विधानसभा क्षेत्र को चार जोन और मोहम्मदी को दो जोन में बांटा गया है। जबकि शेष छह विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन जोन बनाए गए हैं।
इसी तरह पलिया में 23, निघासन में 28, गोला में 29, श्रीनगर में 20, धौरहरा में 27, लखीमपुर में 28, कस्ता में 21 और मोहम्मदी में 31 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक वीडियो अवलोकन टीम, एकाउटिंग टीम, आदर्श आचार संहिता व सहायक व्यय प्रेक्षक भी लगाए गए हैं। इसके अलावा 323 सुपरवाइजर आठों विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए हैं।