धौरहरा। बिजली के कटे केबल से करंट लगने से तीन महिलाओं समेत पांच लोग झुलस गए। एक पड़ोसी ने बांस से किसी तरह केबल को बिजली पोल से अलग किया तब जाकर केबल में चिपके लोगों की जान बच सकी। करंट लगने की घटना बिजली केबल पर गीले कपड़े फैलाने के दौरान हुई।
कोतवाली क्षेत्र के खेसवाही गांव निवासी हरिनाम की 27 वर्षीया पत्नी मीरा घर पर निकले बिजली के केबल पर गीले कपड़े सुखाने के लिए डालने लगी। तार कहीं से कटा था जिससे कपड़ों में करंट आ गया और महिला करंट लगने से छटपटाने लगी। यह देख मीरा की सास शिवरानी उसे बचाने का प्रयास करने लगी तो वह भी चिपक गई। मीरा की देवरानी 45 वर्षीय सुंदरी बचाने पहुंची तो वह भी चिपक गई। पड़ोस में बैठे शिवरानी के ससुर 80 वर्षीय छंगा और 43 वर्षीय रोशन लाल भी देखते देखते चिपकते चले गए। यह देख पड़ोसी ने एक बांस के जरिए केबल को खंभे से अलग किया। तब जाकर पांचों की जान बच सकी। ग्रामीण सभी को सीएचसी रमियाबेहड़ ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी।