संपूर्णानगर। रानीनगर कॉलोनी के नई बस्ती में चूल्हे की चिंगारी से एक फूस के झाले में आग लग गई, जिससे उसमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर पर कोई मौजूद न होने के कारण पड़ोसियों ने किसी तरह से आग बुझाई और घर मालिक को सूचना दी।
थाना क्षेत्र के रानीनगर कॉलोनी की नई बस्ती निवासी अमरनाथ मौर्य फूस का घर बनाकर रहते हैं। प्रतिदिन की तरह वह खाना बना व खाकर नेपाल मजदूरी करने चले गए। एसएसबी जवान भी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों ने एसएसबी के सहयोग से आग पर काबू पाया। अमरनाथ ने बताया कि आग से रजाई, गद्दा, बर्तन, कपड़ा सहित घरेलू सामान जल गया है, जबकि पांच हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए।
गन्ना की फसल जली
बांकेगंज। कोठीपुर गांव निवासी किसान बाबूराम के तीन बीघा खेत में गन्ना की फसल है। बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग से निकली चिंगारी गन्ने के खेत में गिर गई। चिंगारी गिरते ही वहां आग लग गई। उधर से गुजर रहे राहगीरों के शोर मचाने पर जब तक लोग वहां पहुंचे इससे पहले गन्ना की फसल जल चुकी थी। किसान बाबूराम ने बताया कि आग लगने उसके खेत में छिला पड़ा तीन डनलप गन्ना सहित खड़ी फसल जल गई।