युवराजदत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हिंदी पखवारे के तहत चल रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में शनिवार को भाषण प्रतियोगिता हुई, जिसका विषय था नव भारत की संकल्पना। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के सभी संकायों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सदस्य रवि प्रकाश वर्मा मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ दो विद्यार्थियों को छत्रपति शाहूजी महाराज कानपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाली भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा जाएगा। भाषण प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष के आशुतोष श्रीवास्तव और बीए द्वितीय वर्ष के अभय प्रताप सिंह सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुने गए।
इस मौके पर सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने विद्यार्थियों के बीच नए भारत की संकल्पना का एक स्वरूप पेश किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वह अपनी आंतरिक प्रतिभा को पहचान कर नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की लखीमपुर में सात अक्तूबर को होने वाली सभा में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया।
महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. संजय कुमार, डॉ. नूतन सिंह और डॉ. ज्योति पंत ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम की रूपरेखा का निर्धारण व संचालन डॉ. नीलम त्रिवेदी, डॉ. एसके दुबे और डॉ. सुभाष चंद्रा ने किया। अंत में प्राचार्य डॉ. डीएन मालपानी ने कहा कि नवभारत की नवसंकल्पना के स्वप्न को साकार करने का उत्तरदायित्व युवाओं पर है। शिक्षार्थी अपने इस दायित्व को पूरा करने के लिए आवश्यक कौशल अर्जित कर सके इस उद्देश्य के लिए महाविद्यालय लगातार पाठ्य सहभागी कार्यक्रमों का आयोजन करता है। इस मौके पर डॉ. ईष्ट विभु, डॉ. आकाश वार्ष्णेय, डॉ. राजेंद्र कुमार, और डॉ. कमलेश बाबू गौतम समेत कई शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।