लखीमपुर खीरी। 30 और 31 अगस्त को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में जिले के 2009 अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र जनपद बरेली में बनाया गया है। इन्ही तारीखों में आला हजरत उर्स प्रस्तावित है। इसको लेकर बरेली में रूट डायवर्ट किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में समय लग सकता है। प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर समय से बरेली पहुंचने को कहा है।
जिला प्रशासन ने खीरी जिले से बरेली पेपर देने जाने वाले अभ्यर्थियों को सूचना दी है कि काफी संख्या में आला हजरत उर्स में सम्मिलित होने वाले अनुयायियों का विभिन्न जनपद, देश-विदेश से बरेली में आगमन होगा।
यातायात डायवर्जन के चलते अभ्यर्थियों को बरेली में परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में सभी अभ्यर्थी और उनके परिजन अभ्यर्थियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व पहुंचे। बरेली प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास ठहरने वाले स्थानों की सूची की जारी है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन ने बताया कि बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिली सूचना के मुताबिक जनपद बरेली में 30 एवं 31 अगस्त को दो पालियों में परीक्षा होनी है। इसमें लखनऊ से 1785, मुरादाबाद से 2400, अमरोहा से 2133, बिजनौर से 3000, रामपुर से 1000, संभल से 1200, पीलीभीत से 1600, बदायूं से 2000, शाहजहांपुर से 2000, सीतापुर से 2009, हरदोई से 2009, लखीमपुर खीरी से 2009, रायबरेली से 1726, उन्नाव से 1200 अभ्यर्थी शामिल होने आएंगे।