नशा मुक्ति केंद्र के संचालक ने कहा, लड़के मर्जी से अपने घर गए हैं
महेवागंज। फूलबेहड़ इलाके में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र पर इलाज करा रहे 18 नशेड़ी शुक्रवार की सुबह कर्मचारियों को बंधक बनाकर भाग गए। वहीं, केंद्र संचालक का कहना है कि सभी लड़के मर्जी से अपने घर गए हैं।
फूलबेहड़ इलाके में स्थित एक नशा उन्मूलन केंद्र में बृहस्पतिवार की सुबह नाश्ते के समय केंद्र पर मौजूद नशेड़ियों ने एक राय होकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इसके बाद करीब 18 नशेड़ी केंद्र से भाग निकले। सूचना पर सुंदरवल पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
पुलिस के मुताबिक, अधिकांश युवक अपने घरों को लौट चुके हैं, जबकि कुछ अभी भागे हुए हैं। एक युवक के घरवालों ने नाम न छापने की शर्त पर केंद्र में प्रताड़ना का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस तरह की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। यहां बता दें कि उक्त केंद्र पर खीरी जिले के अलावा सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी समेत गैर जनपदों से भी नशेड़ी इलाज के लिए आते हैं।
नशा मुक्ति केंद्र पर बृहस्पतिवार की सुबह लड़कों के भाग जाने की सूचना मिली थी। रिकार्ड के मुताबिक, केंद्र में कुल 22 लड़के थे। शुक्रवार को 18 लड़के अपने घरों को चले गए। हालांकि कुछ की लोकेशन नहीं मिल पाई है। मामले की कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। - लोकेश प्रताप राणा, चौकी प्रभारी सुंदरवल
संकल्प सेवा संस्थान एक प्राइवेट नशा उन्मूलन संस्था है। सेंटर से कुछ लड़कों के घर जाने की बात स्टाफ से पता लगी है। हम बाहर हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है। पड़ताल में पता चला है कि अधिकांश लड़के अपने-अपने घरों पर पहुंच भी चुके हैं। - चंदन प्रीत सिंह, प्रतिनिधि नशा उन्मूलन केंद्र