10 महीने पहले बंद हुई शहर के राजापुर रोड पर स्थित काशी एग्रो पर्पज कार्पोंरेशन लिमिटेड के चेयरमैन समेत तीन लोग फंस गए हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने एक एजेंट की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में ख्यानत की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बैरागर निवासी मुश्ताक अली ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि लखीमपुर शहर में राजापुर रोड पर काशी एग्रो पर्पज कार्पोंरेशन लिमिटेड की शाखा थी, जिसमें वह भी एजेंट था। उसके साथ ही कंपनी के अन्य एजेंटों ने 145 लोगों से करीब 25 लाख रुपये जमा कराए थे। कंपनी ने कुछ लोगों के पैसे वापस भी किए। दिसंबर 17 में कंपनी के चेयरमैन आलोक कुमार चौबे निवासी मुरीदपुर चौबेपुर जिला वाराणसी ने कंपनी का कार्यालय बंद करा दिया। इस पर उन्होंने कंपनी की गोलागोकर्णनाथ स्थित शाखा के मैनेजर आशीष कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि शहर और गोला की शाखाएं आरोपी चेयरमैन आलोक कुमार चौबे और मध्यप्रदेश के कोल्हूडीह चूराहाट निवासी वाइस चेयरमैन संजय सिंह द्वारा चलाई जा रहीं थीं। इस पर उन्होंने दोनों के मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया, लेकिन पैसा वापस नहीं किया गया। सदर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कंपनी के चेयरमैन आलोक कुमार चौबे, वाइस चेयरमैन संजय सिंह और पूर्व शाखा मैनेजर आशीष कुमार निवासी खंदनी थाना हैदराबाद लखीमपुर खीरी के खिलाफ अमानत में ख्यानत की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।