सपा महिला सभा ने प्रदर्शन कर सदर चौरहा जाम किया
- फोटो : लखीमपुर खीरी, अमर उजाला
लखीमपुर खीरी। शहर में हादसों का कारण बनते आवारा पशुओं को पकड़ कर पशुबाड़े में बंद करने, जानवरों की वजह से दुर्घटना में मृत छात्रा पारुल वर्मा के घरवालों को दस लाख रुपए मुआवजा, गौवंश से किसानों की फसल सुरक्षा की गारंटी, क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा आदि मांगों को लेकर बुधवार को सपा महिला सभा ने प्रदर्शन किया। शहर में जुलूस निकालने के बाद सदर चौराहे पर धरना देकर रास्ता जाम कर दिया, जिससे लोगों को काफी असुविधा हुई।
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान सपा महिला सभा ने आवारा पशुओं को छोड़ने वाले पशुपालकों पर कार्रवाई कर जुर्माना लगाने की गारंटी देने, शहर के निघासन रोड स्थित नगर पालिका के बूचड़खाना और सैधरी गौशाला की जमीनों पर भाजपा नेताओं द्वारा किए कब्जे को तत्काल खाली कराने की मांग की। जुलूस लोहिया भवन से निकलकर सरकार और प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए सदर चौराहा पहुंचा, जहां महिलाएं धरने पर बैठ गईं और चौराहा जाम कर दिया। बाद में सपा महिला सभा ने अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी ने कहा कि भाजपा सरकार में इंसानी जिंदगी का कोई मोल नहीं। धरना सभा में श्रीनगर की पूर्व प्रत्याशी मीरा बानो ने कहा कि यदि शहर में आवारा घूम रहे जानवरों को सुरक्षित पशुबाड़ों और गौशालाओं में बंद न किया गया तो समाजवादी पार्टी व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से साबिया, जुबेदा बेगम, मुस्तरी बेगम, रन्नो दीक्षित, तारा देवी, साइना, नीलम शुक्ला, जुबेदा खातून, रामकली, कल्पना, बिटोला बेगम, रीना, मंजू, नाजिमा आदि महिलाएं शामिल रहीं।