उचौलिया। गांव इब्राहिमपुर गढ़ी निवासी हाशिम खां ने सोना दिलवाने के बहाने 16 लाख रुपये ठगने के आरोप में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गांव निवासी अच्छन, मुन्नन, नसीम और सबील ने सोना दिखाकर बताया कि सोना निकला है। इस पर उसने 16 लाख रुपये उन लोगों को दे दिए। इसके बाद चारों आरोपियों ने ईंट-पत्थर भरकर झोला देकर कहा कि घर जाकर झोला खोलना। जब उसने घर जाकर झोला देखा तो उसमें ईंट-पत्थर भरे थे।
जब उसने फोन किया तो आरोपियों ने कहा कि झोला गलत समय पर खोल दिया। इससे सोना पत्थर हो गया है। आरोपियों ने झांसा दिया कि जिन्न के खुश होने पर पत्थर फिर सोना बन जाएगा। हाशिम खां ने बताया कि आरोपी उससे पहले मोहम्मदी के मगरेना निवासी एक व्यक्ति और दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से इसी तरह 55 लाख रुपये ठग चुके हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीमा पालिसी के नाम पर 2.11 लाख रुपये की ठगी
लखीमपुर खीरी। क्षेत्र में लगातार साइबर अपराध बढ़ते जा रहे हैं। अपराधी नए-नए तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला इंश्योरेंस के नाम पर 2.11 लाख रुपये की ठगी से जुड़ा है। बताया जाता है कि साइबर अपराधी ने रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस की फर्जी पहचान बताकर ठगी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की तहरीर पर थाना साइबर सेल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामापुर निवासी शमशाद अली ने साइबर पुलिस थाने में दी तहरीर में कहा है कि उसने रिलायंस निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस शाखा महराजनगर में 15 साल की बीमा पॉलिसी करा रखी है। बताया कि पहली किस्त 25 जनवरी 2021 को जमा हुई, इसके बाद से वह कोई राशि जमा नहीं कर सके। उधर, 13 अगस्त 2025 को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को रिलायंस का कर्मचारी बताया।
ठग ने झांसे में लेकर कहा कि टूटी पॉलिसी फिर से चालू कराने के लिए 48,924 रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद ठग ने क्यूआर भेजकर रुपये डालने की बात कही। बताया कि क्यूआर देखने पर रिलायंस लिखकर आया तो भरोसा हुआ।
पीड़ित ने 14 से 20 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में कुल 2,11,049 रुपये गूगल पे से ट्रांसफर कर दिए। पता करने पर कंपनी ने कोई भी किस्त जमा न होने की बात कही तो ठगी का एहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद