लखीमपुर खीरी। राजापुर मंड का मतगणना स्थल बनना रोडवेज यात्रियों के लिए मुसीबत बन गया। मतगणना को लेकर रूट डायवर्ट हो जाने के कारण अधिकतर बसें डिपो तक आई ही नहीं। इससे गोला, लखनऊ, सीतापुर जाने वाले यात्री बस के इंतजार में घंटों बस अड्डे पर खड़े रहे।
मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने राजापुर चौकी से लेकर सौजन्या तिराहे तक के रास्ते को बंद कर दिया। रूट डायवर्ट करते हुए रोडवेज बसों को रामापुर के रासाते बस अड्डे तक जाने का रूट निर्धारित था, लेकिन लंबा फेर हो जाने के कारण गोला, लखनऊ, शाहजहांपुर, सीतापुर, अवध आदि डिपो की अधिकांश बस के परिचालक बसों को डिपो तक न लाकर यात्रियों को एलआरपी चौराहे पर ही उतारकर वापस लौट गए। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में परेशान होना पड़ा। वहीं शहर में आने के लिए रिक्शे आदि का सहारा लेना पड़ा। हालांकि बसों के डिपो तक न आने के मामले में लखीमपुर डिपो के जिम्मेदार कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
बसों का डिपो तक जाना अनिवार्य है। यदि परिचालक मनमानी करते हैं तो एआरएम को उनके विरुद्घ कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे निगम की छवि धूमिल होने से बचाई जा सके। इस मामले में एआरएम से जानकारी की जाएगी।
मोहनलाल, क्षेत्रीय प्रबंधक,हरदोई