लखीमपुर खीरी/गोला गोकर्णनाथ। सावन माह के आखिरी सोमवार को छोटी काशी में शिव भक्तों की काफी भीड़ रही। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के उद्घोष से नगर की सड़कें गूंजती रहीं। शिव भक्तों ने गोकर्ण तीर्थ में स्नान कर कतारबद्ध होकर भगवान शिव को राखी अर्पित कर भांग, धतूरा, बेलपत्र, शमीपत्र, गंगाजल से अभिषेक किया है। शिव मंदिर पर शिव भक्तों के पूजन की व्यवस्था के लिए अंतिम सोमवार को भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अंतिम सोमवार को रक्षाबंधन होने के कारण बसों में भीड़ की अधिकता रही जिससे पूजा करने आए लोगों को वापस जाने में कठिनाइयां हुई हैं। नगर में एक माह से सड़कों और प्रमुख स्थानों पर उमड़ी भीड़ भी अब छटने लगी है। कांवड़ियों की सेवा के लिए अंतिम सोमवार को भी भंडारे और जलपान की व्यवस्था चलती रही। मंदिर के निकट गोकर्ण तीर्थ के तट पर तमाम भक्तों ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनकर दान पुण्य किया।
ममरी। सावन मेला के समापन पर अहमदनगर के क्लेशहरण मंदिर पर पूजन और जलाभिषेक करने वाली महिला श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कई महिलाओं ने भगवान शिव को रक्षासूत्र चढ़ाकर भाइयों के दीर्घायु होने की कामना की। दूर दराज से आने वाले कांवड़ियों ने मंदिर में जलाभिषेक किया।
बांकेगंज। सावन माह के अंतिम सोमवार कस्बा के बांकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भोर पांच बजे मंदिर के कपाट खुलते ही कतार में खड़े भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-आराधना और जलाभिषेक किया। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में श्री रामचरित मानस अखंड पाठ का आयोजन किया।
लखीमपुर खीरी। सावन के आखिरी सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर शिव का पूजन अर्चन किया। जगह जगह भंडारे भी हुए। गोला गोर्कणनाथ के पौराणिक शिव मंदिर, भुईफोरवानाथ, ओयल के मेढ़क मंदिर, लिलौटीनाथ धाम, गजमोचन नाथ, टेढ़ेनाथ मंदिर समेत कई शिव मंदिरों पर श्रद्धालुओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, फल, फूल, मिष्ठान, मेवे का भोग लगाया। लिलौटीनाथ धाम में शिव का मेवे और फलों से श्रंगार किया गया। रात भर भजन कीर्तन चला। भक्तों ने अबीर गुलाल की होली खेली। कांवड़ियों के दलों का तांता लगा रहा।
सोमवार की पूर्व संध्या पर भक्तों ने लिलौटी में शिव का मेवे और फलों से श्रंगार किया। रात नौ बजे से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक कर पूजन का शुभारंभ किया। भंडारे में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर जितेंद्र, रामजी, गोपाल, ज्योति, मधू, श्यामजी, मोहन गिरी, रोहित, मुन्ना गिरी समत कई लोग मौजूद रहे।