गोला में खाली कराए गए अवैध रूप से तालाबंद 15 कांशीराम शहरी आवास
- बिना आवंटन के रह रहे थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोला गोकर्णनाथ। भुसौरिया में स्थित अवैध रूप से तालाबंद 15 कांशीराम शहरी आवास प्रशासन ने खाली कराए हैं। आवास खाली कराने के दौरान कॉलोनी में अफरातफरी का माहौल रहा।
करीब दो दशक पूर्व बसपा सरकार में कांशीराम शहरी गरीब कल्याण योजना के तहत 96 आवास बनवाए गए थे। उनका अब तक आवंटन नहीं हुआ है। इन आवासों में रसूखदारों के संरक्षण में लोग अवैध रूप से रहने लगे। कुछ आवासों में लोगों ने रहने के बजाय ताला डालकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। इन आवासों को खाली कराकर सामाजिक संगठन, पालिका सदस्य जरूरतमंदों को आवंटित करने की कई बार कर चुके हैं।
बुधवार को तहसील और नगर पालिका परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से तालाबंद 15 आवासों को खाली कराया गया। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि कांशीराम शहरी आवास में अवैध रूप से कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के तहत 15 आवासों को खाली कराया गया है। शीघ्र ही आवंटन की भी प्रक्रिया होगी।