23एलकेएच 17,18
सीएचसी खमरिया में गंदगी देख गुस्साए जेडी
अधीक्षक को दिए सफाई कराने के निर्देश
एसडीएम ने जेबीगंज पीएचसी का किया निरीक्षण, छह दिन से गायब मिले फार्मासिस्ट
अमर उजाला ब्यूरो
खमरिया।
मंगलवार को जेडी हेल्थ ने सीएचसी खमरिया और एसडीएम मोहम्मदी ने पीएचसी जेबीगंज का निरीक्षण किया। सीएससी में गंदगी देख जेडी गुस्सा गए। उन्होंने अधीक्षक को सफाई कराने के निर्देश दिए है। एसडीएम मोहम्मदी को निरीक्षण में पीएचसी जेबीगंज के फार्मासिस्ट छह दिनों से गायब मिले।
संयुक्त निदेशक डॉ. एके वर्मा और प्रदीप तिवारी ने निरीक्षण के दौरान सीएचसी खमरिया में गंदगी मिलने, खिड़कियां और उनकी जाली टूटी मिलने और इमरजेंसी, डिलीवरी रूम में प्रकाश की उचित व्यवस्था न मिलने पर नाराजगी जताई और अधीक्षक को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थिति पंजिका, एंटी रैबीज वैक्सीन और दवाओं के स्टॉक रजिस्टर का सत्यापन किया और गर्भवती महिलाओं की सभी जांच व उनका टीकाकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विनीता देवी, निशा, अनीता और रेशमा के परिजनों ने जननी सुरक्षा का भुगतान न मिलने की शिकायत की। इस पर उन्होंने अधीक्षक को भुगतान कराने के निर्देश दिए।
उधर एसडीएम मोहम्मदी स्वाति शुक्ला ने पीएचसी जेबीगंज का निरीक्षण किया, जिसमें फार्मेसिस्ट विकास सिंह छह दिन से अनुपस्थित मिले। उन्होंने ओटी, प्रसव कक्ष, ओपीडी, लैब को भी देखा। पीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन ने एसडीएम को पेयजल, अस्पताल गेट पर अतिक्रमण एवं व्यापारियों द्वारा कूड़ा आदि डाले जाने के बारे में भी जानकारी दी। एसडीएम ने पीएचसी प्रभारी को समस्याओं का निराकरण कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मरीजों से बात कर उनका हाल चाल जाना। एसडीएम ने कस्बे में हाईवे के किनारे काबिज अतिक्रमणकारियों को भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।