दिल्ली में मुठभेड़ के बाद मोस्ट वांटेड आतंकी अब्दुल सुभान कुरैशी की गिरफ्तारी और गणतंत्र दिवस को लेकर इंडो-नेपाल भारत सीमा पर अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। वहीं एसपी ने भी सीमावर्ती थानों को सघन चेकिंग और संदिग्धों की चेकिंग कर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने अहमदाबाद धमाकों और मुंबई ट्रेन विस्फोट के मास्टर माइंड मोस्ट वांटेड आतंकी अब्दुल सुभान कुरैशी को शनिवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार होने और गणतंत्र दिवस को देखते हुए सीमा पर लगी एसएसबी ने गश्त तेज कर दी है। जवान नेपाल-भारत के बीच आने जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रख रहे हैं। साथ ही तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। उधर सीमा पर तैनात खुफिया एजेंसियों ने भी निगरानी तेज कर दी है। उधर एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने भी सभी सीमावती थानों को अलर्ट रहने और सघन चेकिंग करने के आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि गणतंत्र दिवस और दिल्ली में पकड़े गए आतंकी को देखते हुए सीमा पर अलर्ट है। सीमावर्ती थानों को विशेष चौकसी बरतने और संदिग्धों की तलाशी आदि के कड़े निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी कमांडेंट मुकेश कुमार ने बताया कि जवान सीमा पर पूरी तरह से मुस्तैद हैं। बिना चेकिंग किए किसी को सीमा के अंदर आने-जाने नही दिया जाएगा।