लखीमपुर खीरी। अभी पंचायत चुनाव की भले ही कोई तिथि घोषित नहीं हुईं, लेकिन चुनाव आयोग से लेकर जिलास्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनपद में तैयारियों के बीच 1.22 करोड़ संख्या में प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के बैलेट पेपर आ गए हैं। उनको सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है। साथ ही चुनाव से संबंधित अन्य तैयारियां की जा रही हैं।
पंचायत चुनाव के लिए जनपद में करीब 27.53 लाख संभावित मतदाता हैं, जिनके सापेक्ष चार गुना बैलेट पेपर यानी 1 करोड़ 22 लाख 85 हजार 400 बैलेट पेपर भेजे गए हैं। मतदाता इन मतपत्रों के माध्यम से प्रधान, बीडीसी, पंचायत सदस्य व जिला पंचायत के प्रतिनिधि चुनेंगे। प्रधान के 35 लाख, 72 हजार 700, ग्राम पंचायत सदस्य के 15 लाख, 64 हजार, 700, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 34 लाख 64 हजार 900 और जिला पंचायत सदस्य के 36 लाख 83 हजार 100 बैलेट पेपर हैं, जिनसे पंचायत चुनाव कराया जाना है। इधर, परिसीमन का काम पहले ही कराया जा चुका। संवाद