लखीमपुर खीरी। नीमगांव थानाक्षेत्र के गांव घूरखेड़ा निवासी सफाईकर्मी के बैंक खाते से किसी ने 30 हजार रुपये निकाल लिए, जिसकी जानकारी होने पर उसकी तबीयत खराब हो गई। हार्ट अटैक आने से सफाईकर्मी की असमय मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
घूरखेड़ा निवासी सफाईकर्मी 45 वर्षीय कमलेश यादव की तैनाती पसगवां ब्लाक में थी। गुरुवार को इलाज कराने के लिए लखनऊ गए थे, जहां उनका इलाहाबाद बैंक का एटीएम खो गया। इसके बाद शुक्रवार को सफाईकर्मी कमलेश यादव परिवार वालों के साथ बैंक से रुपये निकालने पसगवां स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा गए थे। वहां पर बैंक मैनेजर ने खाता देखकर बताया कि उनके खाते 30 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। इसकी जानकारी मिलते ही कमलेश की तबीयत अचानक बिगड़ी और हार्ट अटैक से बैंक के बाहर ही मौत हो गई। परिवार वाले शव को लेकर गांव लौट आए। इसकी जानकारी मिलने पर संगठन के अध्यक्ष सतीश वर्मा, मंत्री सोमेंद्र मौर्य, राधेश कुमार, सुशील मौर्य, सौरभ सिंह, ब्रजकिशोर विशाल सांत्वना देने मृतक के घर पहुंचे।