लखीमपुर खीरी। मंगलवार को आई 347 की जांच रिपोर्ट में नौ लोग कोरोना पॉजिटिव मिले, जबकि 338 रिपोर्ट निगेटिव आईं। इधर, भाजपा के एक विधायक के पुत्र और पौत्र की जिला अस्पताल में ट्रू नॉट मशीन से जांच की गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस तरह मंगलवार को 11 नए कोरोना केस मिलने से जनपद में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 187 पहुंच गई है। इनमें से 125 को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में अब कुल 62 कोरोना पॉजिटिव एक्टिव हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक पहली पॉजिटिव महिला मोहल्ला निर्मलनगर की निवासी है, जो बुखार और कफ की समस्या से पीड़ित होने के बाद होम क्वारंटीन थीं। दूसरा पॉजिटिव पुलिसकर्मी है, जो कुछ दिन पहले लखनऊ से आया है। वर्तमान में वह होम क्वारंटीन था। तीसरा पॉजिटिव मोहल्ला काशीनगर का निवासी है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया था। चौथी पॉजिटिव महिला मोहल्ला वाजपेयी कॉलोनी निवासी है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमित हुईं। पांचवीं पॉजिटिव महिला मोहल्ला राजगढ़ की निवासी है। छठा पॉजिटिव व्यक्ति गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना का निवासी है, जो पिता का इलाज कराने के लिए पीजीआई गया था। सातवीं पॉजिटिव महिला मोहम्मदी क्षेत्र के नयागांव निवासी है, जो आंगनबाड़ी वर्कर है। आठवां पॉजिटिव मोहम्मदी के मोहल्ला पूर्वी लखपेड़ा का निवासी है, जो होम क्वारंटीन था। नवीं पॉजिटिव महिला मोहल्ला अर्जुनपुरवा की निवासी है। इसके अलावा विधायक के पुत्र और उनका पौत्र कोरोना पॉजिटिव आए हैं। डीएम ने बताया कि सभी पॉजिटिव को कोविड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। शहर के जिन मोहल्लों या गांवों में संक्रमित मिले हैं, उन्हें कंटेन्मेंट जोन घोषित किया गया है।
ईसानगर। दो लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद गांव बेल्तुआ को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है। पूरे गांव को सैनिटाइज कराया गया है। पुलिस ने संक्रमित मिले लोगों के घर से 250 मीटर की परिधि का एरिया सील कर दिया है। गांव के सभी लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। सीएचसी प्रभारी डॉ बीके स्नेही एवं प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने लोगों को कंटेन्मेंट जोन के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।