मितौली/लखीमपुर खीरी। मितौली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा छह में 80 सीटों पर प्रवेश के लिए शनिवार को प्रवेश परीक्षा हुई। इसके लिए जिले भर में 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में 6182 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 10340 बच्चे अनुपस्थित रहे।
प्रवेश परीक्षा कराने के लिए डीआईओएस डॉ ओपी त्रिपाठी को नोडल अधिकारी बनाया गया था। कई विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश पत्र नहीं मिल पाए, तो कुछ को परीक्षा की जानकारी नहीं हो सकी। इससे परीक्षा देने वालों से ज्यादा विद्यार्थी अनुपस्थित हो गए। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य एके शुक्ला ने बताया कि कक्षा छह में कुल 80 सीटों पर प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 16,522 विद्यार्थियों ने परीक्षा फार्म भरा था। इसमें से 6182 बच्चे ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 10340 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए जिले भर में 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई थी। मितौली ब्लॉक में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। राजा लोने सिंह इंटर कॉलेज व केएसएम इंटर कॉलेज के अलावा जिला पंचायत इंटर कॉलेज कस्ता को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। मितौली एसडीएम विधेश ने केदार सिंह मेमोरियल इंटर कालेज, सीओ अभय प्रताप मल्ल ने जिला पंचायत इंटर कालेज कस्ता, कृषक समाज इंटर कालेज नीमगांव, बीईओ रमेश चंद्र चौधरी ने राजा लोने सिंह इंटर कालेज, जिला पंचायत इंटर कालेज कस्ता, एसओ मितौली सुनीत कुमार ने राजा लोने सिंह इंटर कालेज का भ्रमण कर परीक्षा का जायजा लिया।