लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुई किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत के मामले में सनसनीखेज और नया मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री के बहुत ही करीबी रिश्तेदार हमले में शामिल गाड़ियों के काफिले में थे। पुलिस के पास मिली वीडियो कैमरे की फुटेज में इस बात का शक गहरा गया है। पूरे घटनाक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री के इस रिश्तेदार के ड्राइवर के घायल होने की सूचना भी है। घायल लखनऊ के एपी सेन रोड का निवासी है।
अमर उजाला डॉट कॉम को घटनास्थल पर मौजूद अपने सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बात का पता चला है कि उत्तर प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री और इस वक्त बड़े व्यापारी घराने से ताल्लुक रखने वाले एक युवक का भी इसमें नाम सामने आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक वह घटनास्थल पर अपनी गाड़ी में मौजूद था। उस गाड़ी में उसके साथ और भी कई लखीमपुर खीरी के स्थानीय छुटभैये नेता और अन्य लोग शामिल थे। घटनास्थल पर मौजूद सूत्रों के मुताबिक जैसे ही केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की गाड़ी किसानों के ऊपर चढ़ी, उसके साथ ही पीछे चल रहीं कुछ गाड़ियां भी उस गाड़ी के साथ चलती रहीं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की थार गाड़ी के किसानों को रौंदने के साथ ही मौके पर हंगामा मचना शुरू हो गया। विरोध कर रहे आंदोलनकारियों का पूरा हुजूम गाड़ी की ओर दौड़ पड़ा।