कसया। गोबरही चौराहा के पास रामकोला-कसया मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे दो बाइकों में टक्कर हो गई। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उन्हें सीएचसी कसया भेजवाया। डॉक्टर ने एक युवक की हालत गंभीर देख मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घर के इकलौते पुत्र के निधन की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रामकोला थाना क्षेत्र रामबर बुजुर्ग निवासी आलोक गोस्वामी (22) पुत्र मिठाई लाल बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे बाइक से कसया की तरफ से घर जा रहे थे। गोबरही चौराहा के पास तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र सौंदिया निवासी मुकेश चौहान की बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइक सवार घायल हो गए। लोगों ने उन्हें कसया सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मुकेश काे घर भेज दिया। आलोक की हालत गंभीर देख मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान शुक्रवार को आलोक की मौत हो गई। घर के इकलौते पुत्र के निधन की सूचना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। आलोक की मां का दस वर्ष पहले ही निधन हो गया था। एसएचओ गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि गोबरही चौराहे के पास हुई बाइकों की टक्कर में घायल युवक की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।