भाजपा की जीत पर जश्न मनाने पर पिटाई में घायल युवक की मौत
विधायक के कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर माने परिजन
विधायक ने बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी ली
संवाद न्यूज एजेंसी
टेकुआटार/रामकोला (कुशीनगर)। भाजपा के पक्ष में वोट देने और जीत पर खुशी मनाने वाले पिटाई में घायल युवक ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शनिवार की शाम उसका शव घर लाया गया। रविवार सुबह परिजनों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शव को घर के दरवाजे पर रखकर हंगामा करने लगे।
यह जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक और एसडीएम उसके घर पहुंचे। दोनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को अंमित संस्कार के लिए राजी किया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
उल्लेखनीय रहे कि रामकोला थानाक्षेत्र के गांव कठघरही निवासी 30 वर्षीय बाबर को भाजपा के पक्ष में वोट देने और क्षेत्रीय विधायक पीएन पठाक की जीत पर गांव में मिठाई बांटने और पटाखे फोड़ने पर उसके पड़ोसियों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उसका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। इशुक्रवार को उसकी मौत हो गई थी। शनिवार की रात शव गांव लाया गया। रविवार सुबह आठ बजे परिजन शव को घर के दरवाजे पर रखकर एसडीएम को बुलाने की मांग करने लगे।
करीब छह घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम कसया वरुण कुमार पांडेय ने पीड़ित परिवार को आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक ने पीड़ित परिवार के बच्चों के पढ़ाई का जिम्मा लेते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। एसओ डीके सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।दो आरोपितों की गिरफ्तारी भी कर ली गईं है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।