सलेमगढ़। तमकुहीराज के बसडिला बुर्जुग में मंगलवार की सुबह करंट लगने से युवक की बुरी तरह झुलस गया। परिजन युवक को तमकुहीराज सीएचसी पर ले गए, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद परिजन में चीख-पुकार मच गई।
बसडिला बुजुर्ग के टड़वा टोले के रहने वाले 30 वर्षीय आशीष राय 15 दिन पूर्व कुवैत से घर आए थे। घर में बिजली के बोर्ड में प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आ गए। घर युवक को अचेत देख परिजन शोर मचाया। इस दौरान खेत में काम कर रहे पिता घर आए और बेटे को लेकर सीएचसी पर गए, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आशीष दो भाईयों में बड़ा था, अभी शादी नहीं हुई थी, इससे दो बड़ी बहन हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। युवक घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। इसकी मौत के बाद घर में मातम छा गया। युवक कुवैत रहकर परिवार का भरण पोषण करता था, उसकी मौत के बाद परिजन के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर वालों ने बताया कि उसकी शादी की बात चल रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। तमकुहीराज थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है।