नेबुआ नोरंगिया। थाना क्षेत्र के रामकोला में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर सिंगहा के सामने शुक्रवार की रात सड़क हादसे में वाहन की ठोकर से युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, निचलौल थाने के ओबरी निवासी संदीप, विजय और दीपक एक ही बाइक से खैरटिया की ओर जा रहे थे। सिंगहा के सामने मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। विजय और दीपक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।