छितौनी। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा पुलिस पिकेट के पास शुक्रवार रात करीब आठ बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नरकहवा निवासी 26 वर्षीय गोविंद गौतम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गृहकलह से तंग आकर युवक ट्रेन के सामने कूदा है।
घटना की जानकारी ट्रेन चालक ने पनियहवा स्टेशन अधीक्षक दिनेश बैठा को दी। स्टेशन अधीक्षक ने तत्काल मेमो के जरिए हनुमानगंज थाने को सूचित किया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कर ली गई है। परिजनों ने बताया कि गोविंद का अपनी पत्नी रागनी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज़ होकर घर से निकल गया था।
गोरखपुर की ओर जाने वाली अप बांद्रा एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।गोविंद तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पिता का निधन पहले ही हो चुका था। उसकी शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक साल की एक बेटी है। बड़े भाई सुरेंद्र गौतम ने यह जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही घर में चीखपुकार मच गई। मां ज्ञाती देवी, पत्नी रागनी और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। हनुमानगंज एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की गई है।