अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव खोट्ठा से जोल्हनीया जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात करीब बारह बजे चिलुआ के पास शादी समारोह से वापस घर आते समय बाइक के सामने सियार आने के कारण अनियंत्रित होकर बाइक सड़क पर गिर गई। जिसमें बाइक सवार पति पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों व आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवतहा भिजवाया। गोरखपुर में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। पति का इलाज जारी है।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव खोठ्ठा निवासी राणा प्रताप गौतम अपनी पत्नी मधु देवी को बाइक से लेकर बृहस्पतिवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने बड़े भाई हरिकेश के ससुराल कोतवाली हाटा के गांव हरपुर में गए हुए थे। शादी समारोह से भोजन करने के बाद अपनी पत्नी मधु देवी को बाइक से लेकर वापस अपने घर आ रहे थे। खोट्टा से जोल्हनीया मार्ग पर गांव चिलुआ के पास अचानक एक सियार बाइक के नीचे आ गया। जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई।
राणा प्रताप बाइक सहित सड़क पर गिर गए। जिससे पति व पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उसी रास्ते से जा रहे एक राहगीर ने राणा प्रताप के मोबाइल से फोन करके एंबुलेंस बुलाया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान राणा प्रताप गौतम की पत्नी मधु देवी की मौत हो गई। पति का इलाज एम्स में चल रहा है। इस संबंध में अहिरौली बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि मुझे इस दुर्घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।