मेहदीगंज। रामकोला थाना क्षेत्र के पपउर गांव के पोखरे के समीप बृहस्पतिवार की सुबह एक 29 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना ट्रेन के चालक ने रामकोला स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की आत्महत्या की वजह गृहकलह बताई जा रही है।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे 05189 पैसेंजर ट्रेन कप्तानगंज से थावे की तरफ जा रही थी। रामकोला रेलवे स्टेशन से चलकर यह ट्रेन पपउर गांव के पोखरे के नजदीक ही पहुंची थी कि एक युवक ट्रेन के आगे कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना लोको पायलट ने रामकोला स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने की कोशिश शुरू की। इस दौरान उसकी पहचान ग्रामसभा पकड़ियार नौगांवा निवासी लक्ष्मी के 29 वर्षीय बेटे हरिलाल के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी सूचना परिजनों को दी। पुलिस के अनुसार, युवक और परिजनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इससे नाराज होकर युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। हरिलाल मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मौत की सूचना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।