कप्तानगंज (कुशीनगर)। क्षेत्र के बोदरवार बाजार में शुक्रवार की देर शाम बाजार जा रहे गोविंद नाम के युवक को घेरकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घर वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बोदरवार बाजार निवासी 30 वर्षीय गोविंद साहनी शुक्रवार की शाम करीब सात बजे घर से बाजार में सामान लेने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूरी पर दरवाजे पर खड़े गांव के एक युवक से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में परिजन उसे एंबुलेंस में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए। वहां डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गोविंद की पत्नी रीना और मां सुभद्रा ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर पिटाई कर गोविंद की हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि गोविंद साहनी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी रीना, मां सुभद्रा के अलावा 13 वर्षीय बेटी कृष्णा, सात वर्षीय बेटा नीरज और पांच वर्षीय बेटी चांदनी हैं। एसओ कप्तानगंज दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गोविंद की मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी अभी नहीं हो पाई है। मामले की जांच की जा रही है।