कुशीनगर/संतकबीरनगर। कुशीनगर के झांगा बाजार निवासी संतोष कुमार गुप्ता का शव मंगलवार को को संतकबीरनगर में ट्रैक पर मिला। मृतक की पत्नी राधिका का आरोप है कि सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर संंतोष ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी। पत्नी के मुताबिक, संतोष ने दो ऑडियो भेजे थे, जिसमें उसने सूदखोर पर दो लाख के बदले 6.50 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया और इसी वजह से आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही। कुशीनगर पुलिस का कहना है कि परिवार की तहरीर पर ऑडियो में जिनका भी नाम है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खलीलाबाद कोतवाल जय प्रकाश दुबे के मुताबिक, मंगलवार की रात शहर के मुखलिसपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान संतोष कुमार (40) पुत्र परमेश्वर कुमार निवासी झांगा बाजार, हाटा, कुशीनगर के रूप में हुई। बाद में मृतक के भाई सनोज कुमार गुप्ता ने शव की शिनाख्त अपने बड़े भाई के रूप में की। शव पोस्टमार्टम के बाद परिवारों को सौंप दिया गया।
पत्नी के मुताबिक, उनके पति ने ऑडियो संदेश में सूदखोरों का नाम भी लिया है और दो लाख रुपये के बजाय 6.50 लाख रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। लगातार दबाव और धमकियों से वह काफी परेशान थे। पत्नी के मुताबिक, एक सप्ताह पहले कामाख्या देवी के दर्शन के लिए गए थे। मंगलवार की देर रात उनका ऑडियो संदेश आया था जिसे बुधवार की सुबह सुना गया। इसी बीच संतकबीरनगर से उनकी मौत की खबर आ गई। ऑडियो में उन्होंने प्रताड़ित करने वालों पर जाली नोट के धंधे में शामिल होने का भी आरोप लगाया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी ऑडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं करती है।
वर्जन
मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। ऑडियो रिकार्डिंग में जिन-जिन लोगों का नाम आया है, पीड़ित परिवार की तहरीर पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी कुशीनगर