जानकीनगर। रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के जानकीनगर के समीप बृहस्पतिवार की शाम सड़क हादसा हो गया। पडरौना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कसया थाना क्षेत्र के ग्राम परसौना निवासी मुस्ताक अंसारी (28 वर्ष) पुत्र खुश मोहम्मद और हरी यादव (50 वर्ष) एक ही बाइक पर सवार होकर जानकीनगर चौराहे पर सब्जी लेने के लिए निकले थे। वे अभी चौराहे से कुछ ही दूरी पहले एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे ही थे कि पडरौना की तरफ से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुस्ताक अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे हरी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।