सड़क हादसे में महिला की मौत, बाइक चालक गंभीर
कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर मगडीहा गांव के निकट हुई दुर्घटना
अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर मगडीहा गांव के शिव मंदिर के निकट सोमवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना क्षेत्र के सेंदुरिया विशुनपुर गांव की निवासी रहीशुन निशा पत्नी सफी मोहम्मद अपनी पुत्री के साथ सिधावल चौराहे पर दवा कराने गई थीं। वहीं से पैदल पुत्री के साथ घर जा रही थीं। तभी पिपराइच की तरफ से गांव का ही अजरुद्दीन अली (28) आ रहा था। वह उन्हें रास्ते में मिल गया। रहीशुन निशा को बाइक पर बैठा लिया, जबकि उनकी बेटी ने बाइक पर बैठने से इनकार करते हुए कहा कि पैदल ही आ रही है। बाइकचालक रहीशुन निशा को लेकर गांव जा रहा था। तकरीबन साढ़े छह बजे जैसे ही वह सिधावल चौराहे से आगे मगडीहा गांव के शिव मंदिर के पास पहुंचा, तभी कप्तानगंज कीतरफ से आ रही एक कार की चपेट में बाइक सहित आ गया। कार से अजरुद्दीन एवं रहीशुन निशा को टक्कर लग जाने से दोनों सड़क पर गिर गए। दोनों को गंभीर चोटें आयीं। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने घायलों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद रहीशुन और अजरुद्दीन को एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच भेजा गया, जहां डॉक्टर ने रहीशुन निशा को मृत घोषित कर दिया। अजरुद्दीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।