तमकुहीराज। सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक सफेदपोश गैंगस्टर के मामले में दर्ज केस में कार्रवाई न करने व जब्त पिकअप को छोड़ने के लिए तमकुहीराज पुलिस पर दबाव बना रहा है।
इसके साथ तरयासुजान थाने में दर्ज पशु तस्करों के खिलाफ मुकदमे की प्रति भी वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। तरयासुजान पुलिस ने 12 जून 2024 को सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के हफुआ चतुर्भुज बिहार बार्डर के समीप तस्करी कर ले जाए जा रहे एक पिकअप व दो मैजिक पर लदे 10 गोवंश के साथ चार पशु तस्करों को दबोचा था। पकड़े गए तस्कर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के मोरवन निवास सुलेमान, पटहेरवा थाना क्षेत्र के पड़री निवास मोतीलाल, मोरवन निवासी दिलीप चौहान व चौरा खास के बेलवा कला निवासी आलमदीन को जेल भेज दिया गया।
मामले की जांच के बाद तरयासुजान पुलिस ने 16 मई 2025 को गोतस्करी गिरोह से जुड़े तमकुहीराज थाना क्षेत्र के मोरवन निवासी सुलेमान, दिलीप चौहान, खुर्शेद आलम, पटहेरवा थाना क्षेत्र के पड़री निवासी मोतीलाल, चौरा खास थाना क्षेत्र के बेलवा कला निवासी आलमदीन व महिमा सिंह के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई किया। गैंगेस्टर के मामले की विवेचना तमकुहीराज पुलिस कर रही है।
इसकी जानकारी के बाद पशु तस्करों के गिरोह को संरक्षण देने वाला एक सफेदपोश अपने रसूख के दम पर तमकुहीराज पुलिस से पशु तस्करों को राहत दिलाने के लिए फोन कर दबाव बनाने लगा। मामले से जुड़ा एक मिनट 37 सेकेंड का ऑडियो क्लिप बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल ऑडियो में कथित सफेदपोश पशु तस्करों के ऊपर कार्रवाई न करने व पिकअप छोड़ने की गुहार लगा रहा है। सफेदपोश कह रहा है कि यह अंतिम निवेदन समझिए, चाहे जो समझिए आरोपियों का पूरा परिवार मेरे घर आ कर रो रहे हैं, उसका पिकअप छोड़वा दीजिए। इसके जवाब में पुलिसकर्मी कह रहा है कि आप अनावश्यक जिद कर रहे हैं।