जानकीनगर। बीते बुधवार को ईद उल अजहा (बकरीद) का चांद दिखा तो मुस्लिम समुदाय के लोग उसकी तैयारी में जुट गए। चांद दिखने के साथ ही बकरों के दाम बढ़ गए हैं।
गावों में जब मुस्लिम समुदाय के लोग बकरा खरीदने पहुंच रहें हैं तो बकरे के लिए उन्हें मोटी रकम खर्च करनी पड़ रही है। खूबसूरती और वजन के हिसाब से एक बकरे की कीमत 15 हजार से लेकर 25 हजार तक पहुंच गई है।
असरार आलम, वाजिद अली, रियाजुल हक, जावेद अख्तर, मुदस्सिर, समसुद्दीन, अशफाक आलम ने बताया कि चांद दिखने से पहले बकरे सस्ते मिल रहे थे, लेकिन जैसे ही ईद-उल-अजहा का चांद दिखा, इसके बाद से बकरों की कीमत में एकाएक उछाल आ गया है। अब बकरे दो से तीन हजार महंगे मिल रहे हैं, लेकिन फिर भी बकरों की खरीदारी में कमी नहीं आ रही है। मौलाना फकरुद्दीन निजामी ने कहा कि दो प्रमुख त्योहारों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार प्रमुख है। इसमें लोग अपनी कीमती माल से खरीदे गए जानवर की कुर्बानी करते हैं। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के गोश्त के तीन हिस्सों में करके पहला हिस्सा गरीबों में वितरण करना चाहिए व दूसरा हिस्सा दोस्त और रिश्तेदारों में व तीसरा हिस्सा अपने घर पर प्रयोग करना चाहिए।