पडरौना। मौसम विभाग की तरफ से जिले में चार जून तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसमें तेज हवा और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को मौसम का पूर्वानुमान के अनुसार खेती बारी का कार्य करने की सलाह दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से जारी मौसम के पूर्वानुमान अवधि में मौसम का अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 84 से 98 फीसदी और शाम के समय सामेक्षिक आर्द्रता 51 से 60 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि के दौरान 13 से 19 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज पूरवा हवा (तेज सतही हवाएं) चलने की संभावना है। जिले में अलग-अलग स्थानों पर पूर्वानुमानित अवधि के दौरान आंधी और बिजली के साथ बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वानुमानित में वर्षा की संभावना को ध्यान में रखते हुए किसानों को खेतीबारी का कार्य करना चाहिए।