मूसलाधार बारिश से हर तरफ जलभराव
सड़कों पर बने गड्ढ़ों में बारिश का पानी एकत्र होने से राहगीरों को हो रही परेशानी
सुबह से देर शाम तक होती रही लगातार बारिश, दिन भर घरों में दुबके रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शुक्रवार की भोर में करीब चार बजे से शुरू हुई बारिश ने गर्मी और उमस से भले ही राहत प्रदान की हो, लेकिन शहर के सड़कों की सूरत बिगाड़ दी है। इस मूसलाधार बारिश से न केवल नगर के विभिन्न मार्गों पर पानी लग गया है, बल्कि प्रमुख गलियां और सड़कें चलने लायक नहीं रह गईं। कुछ मोहल्लों में तो सड़क पर इतना कीचड़ हो गया कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके। बारिश के चलते ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी कम देखी गई।
शुक्रवार की भोर से शहर समेत जिले में मूसलाधार बारिश शुरू हुई। कभी रूक-रूक कर तो कभी तेज बारिश होने के चलते सरकारी और गैरसरकारी कार्यालय देर खुले। लगातार बारिश होने से कई स्कूलों में विद्यार्थी नहीं पहुंच सके तो कई स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या बेहद कम रही। यही नहीं इस बारिश ने नगर के करीब सभी सड़कों की सूरत भी बिगाड़ दी। नगर के बाईपास रोड, स्टेशन रोड, कठकुइयां मार्ग, जटहां बाजार रोड, दरबार रोड, सिधुआं बाजार समेत अन्य सड़कों पर बने गड्ढ़ों में जलभराव हो गया। इससे वाहनों की बात कौन कहे, पैदल चल रहे लोगों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे से बारिश खुली तो लोगों ने राहत महसूस की और सब्जियों आदि की खरीदारी करने घर से बाहर निकले, लेकिन करीब तीन बजे पुन: बारिश शुरू हो गई। इससे लोग भीगते हुए सब्जी आदि की खरीदारी कर जल्दी घर की ओर चल दिए। बारिश के साथ बादल गरजने से बाजारों में निकले लोग जल्दी घर को निकल लिए।
कई मोहल्लों में भरा बारिश का पानी
शुक्रवार की भोर में शुरू हुई बारिश देर शाम तक बंद नहीं हुई। इसके चलते नगर के जगदीशपुरम कॉलोनी, तुलसी नगर, नौकाटोला, मुन्ना कॉलोनी, गरूण नगर और जटहां रोड पर पानी लग गया। नौका टोला और तुलसीनगर मोहल्ले में तो कई घरों के दरवाजे तक बारिश का पानी लग गया। इससे इन मोहल्लों के लोगों की परेशानी और बढ़ गई। दरवाजे तक बारिश का पानी चढ़ने से इनके घर में रहने वाले बड़े, बूढ़े और बच्चे दिन भर घर में दुबके रहे। इससे लोगों को परेशानी हुई। सबसे अधिक परेशानी इन घरों के बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ी।