पडरौना। शहर के एक होटल में शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री की प्रेसवार्ता के दौरान तमकुहीराज विधायक के बयान पर हंगामा हो गया। आरोप है कि आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़े के मामले में फंसे एक निजी अस्पताल पर कार्रवाई के सवाल पर विधायक सीएमओ और अस्पताल की तरफदारी करने लगे। प्रभारी मंत्री और सदर विधायक ने हाथ जोड़कर किसी तरह पत्रकारों को शांत कराया।
शहर के एक होटल में जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह पत्रकार वार्ता कर रहे थे। इस बीच तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम कुमार भी पहुंचे थे। प्रभारी मंत्री ने संबोधन पूरा कर पत्रकारों को सवाल पूछने के लिए आमंत्रित किया।
इसी दौरान आयुष्मान योजना से जुड़ी धांधली के मामले में सीएमओ कुशीनगर और पडरौना के एक डॉक्टर के अस्पताल के वीडियो वायरल की जांच के संबंध में सवाल पूछा गया।
मंत्री अभी जवाब दे रही रहे थे कि इसी बीच तमकुहीराज विधायक सीएमओ और अस्पताल के वायरल वीडियो में फंसे डॉक्टर की तरफदारी करने लगे। इस पर पत्रकार भड़क गए और हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित विधायक सीट से उठकर आगे आ गए।
माहौल बिगड़ता देख प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और सदर विधायक मनीष जायसवाल ने हाथ जोड़कर पत्रकारों को मनाते हुए माहौल शांत कराया।