बाजू पट्टी गांव में शव रखकर धरने पर बैठे परिजन। स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। जटहा बाजार क्षेत्र के सोनवल के सामने सड़क दुर्घटना में घायल सुनील चौहान की मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मौत के बाद मंगलवार को बाजूपट्टी गांव में माहौल गर्म हो गया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात घर पहुंचे शव को घर वालों ने दरवाजे पर रख दिया और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब 17 घंटे तक शव घर पर रखा रहा। पुलिस के समझाने-बुझाने के बावजूद महिलाएं दो बार सड़क जाम करने के लिए निकल पड़ीं। कार्रवाई के आश्वासन पर दोपहर करीब एक बजे मामला शांत हुआ। उसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव ले गए।
बाजूपट्टी निवासी रवि चौहान और सुनील चौहान आठ जुलाई को एक ही बाइक से पडरौना गए थे। लौटते समय खिरकिया-जटहा बाजार मार्ग पर सोनवल गांव के सामने सड़क पर टहल रहे बुजुर्ग भुनू से बाइक टकरा गई थी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दोनों युवक घायल हो गए थे। मेडिकल कॉलेज कुशीनगर से गंभीर हालत में सुनील को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया था। वहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सोमवार रात शव गांव पहुंचने के बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने शव दरवाजे पर रखकर पिटाई से मौत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। सूचना पर थाना प्रभारी अभिलाष कुमार झा मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने दो बार सड़क जाम करने की कोशिश कीं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें रोका। दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस की निगरानी में शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस के साथ पडरौना कोतवाली पुलिस भी मौके पर डटी रही।
प्रभारी एसओ अभिलाष झा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इसी आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ है। शव का अंतिम संस्कार हो गया है।
बुलानी पड़ी अतिरिक्त पुलिस फोर्स
मंसाछापर। सुनील चौहान की मौत के बाद बाजूपट्टी गांव में मंगलवार को स्थिति कई बार तनावपूर्ण हो गई। कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित महिलाएं दो बार सड़क जाम करने के लिए गांव से निकल पड़ीं। पहली बार पुलिस ने गांव के पास ही उन्हें रोक लिया, लेकिन दूसरी बार महिलाएं करीब दो किलोमीटर दूर भैरोगंज तक पहुंच गईं। स्थिति बिगड़ती देख जटहा बाजार पुलिस ने तत्काल पडरौना कोतवाली से महिला पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और परिजनों को समझाकर किसी तरह वापस गांव भेजा।
बाजू पट्टी गांव में शव रखकर धरने पर बैठे परिजन। स्रोत-सोशल मीडिया