प्रेमवलिया के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से भिड़ी एंबुलेंस।
- फोटो : KUSHINAGAR
गोरखपुर से शव लेकर बिहार के गोपालगंज जा रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस रविवार भोर में प्रेमवलिया गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को कसया सीएचसी भेजा गया। एक का कसया सीएचसी में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य दो घायल गोपालगंज चले गए।
गोपालगंज के एक व्यक्ति की शनिवार रात एक निजी चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। भोर में परिजन शव लेकर एक निजी एंबुलेंस से गोपालगंज लौट रहे थे। एंबुलेंस अभी कसया थाना क्षेत्र के प्रेमवलिया गांव के पास पहुंची थी, इसी बीच रफ्तार तेज होने से चालक एंबुलेंस पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन हाईवे किनारे पेड़ से जा टकराई। इस दौरान एक राहगीर ने आसपास के लोगों को बुलाकर घायलों को बाहर निकालवाया और कसया सीएचसी भेजा।
वहां से जिला अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस के स्टाफ गोरखपुर जिले के तिवारीपुर थाना निवासी सुशांत गौड़ (22) की रास्ते में ही मौत हो गई। गोरखपुर निवासी एंबुलेंस चालक सलमान सहित दो लोगों को हल्की चोट आई। सलमान का इलाज कसया सीएचसी में चल रहा है। दो अन्य इलाज के लिए गोपालगंज चले गए।
उनका नाम पता नहीं चल सका है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। कसया के एसएचओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली है। दुर्घटना में मरने वाले सुशांत गौड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि पहले वाले शव को मृतक के परिजन लेकर चले गए।