बेकाबू कार की चपेट में आई बाइक, दो की मौके पर मौत
पटहेरवा/उजारनाथ (कुशीनगर)। क्षेत्र के हाईवे पर स्थित डुमरभार गांव के सामने कार की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हुई। कार की टक्कर से बाइक सवार करीब 10 फीट हवा में उछल गए। उनकी बाइक कार में फंसकर 50 मीटर तक घिसटती रही। घटना के बाद कार लेकर सवार भाग निकले। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग और पुलिस टीम पहुंची।
सेवरही थाना क्षेत्र के अहिरौली हनुमान सिंह निवासी 30 वर्षीय धर्मेंद्र शर्मा पुत्र हरि शर्मा व तमकुही रोड निवासी 50 वर्षीय मुख्तार अंसारी शनिवार को घर से फाजिलनगर उपचार करने गए। लौटते समय करीब साढ़े बारह बजे पटहेरवा थाना क्षेत्र के डुमरभार गांव के सामने पेट्रोल पंप के सामने हाईवे पर अवैध रूप से बने कट को पार करने लगे। इसी बीच तमकुही की तरफ से तेज रफ्तार लग्जरी कार ने बाइक को अपने चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे में बाइक सवार हवा में उछलकर गिर गए जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बाइक कार में फंसकर 50 मीटर से अधिक दूरी तक घिसटती रही। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते। तब कार सवार भाग निकले।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम व अन्य लोगों ने उनको पकड़ने की कोशिश की। लेकिन, कामयाब नहीं हुए। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।