दुदही। उपनगर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान में बुधवार को आभूषण चोरी करते दो महिलाओं को दुकानदार ने पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर दोनों को सौंप दिया गया। विशुनपुरा पुलिस महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुकानदार राकेश वर्मा के अनुसार, दोनों महिलाएं दुकान पर आभूषण देखने के बहाने पहुंची थीं। इसी दौरान वह सोने की नाक की कील चोरी करने का प्रयास कर रही थीं। दुकानदार को संदेह होने पर उसने दोनों को दुकान में रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि छह जुलाई को भी दोनों महिलाएं उसकी दुकान से 18 अदद सोने की नाक की कील चोरी कर ले गई थीं। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद होने का दावा किया गया है। बुधवार को भी दोनों महिलाओं पर ज्वेलरी की दुकान से आभूषण की चोरी करने का आरोप है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना नाम हसीना खातून और सानिया बताया। दोनों उपनगर के वार्ड नंबर एक महियरवां की रहने वाली बताई जा रही हैं।
दुकानदार का आरोप है कि क्षेत्र में महिलाओं का एक समूह हिजाब पहनकर सोने-चांदी की दुकानों पर पहुंचता है। महिलाएं दुकानदारों को जेवर दिखाने में उलझाकर चोरी करती हैं और कुछ मामलों में पुराने जेवर रखकर नए जेवर बदलने का प्रयास करती हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष विशुनपुरा शनि कुमार जावला ने बताया कि दोनों महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।