दो गोदाम सील, एसएमआई पर दर्ज हुआ केस
कप्तानगंज। स्थानीय ब्लॉक के 27 कोटेदारों में वितरण के लिए राशन नहीं मिलने की शिकायत पर बुधवार की देर शाम एसडीएम गोपाल शर्मा ने विपणन विभाग के अधिकारियों के साथ दो गोदामों की जांच करते हुए उन्हें सील कर दिया। वहीं, विपणन अधिकारी ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर एसएमआई के खिलाफ केस दर्ज कराया।
कप्तानगंज ब्लॉक के 23 कोटेदारों को राशन नहीं देने और चार कोटेदारों को आंशिक रूप से राशन मिलने की शिकायत पर एसडीएम गोपाल शर्मा ने विपणन विभाग के अधिकारियों के साथ इंदरपुर और कप्तानगंज गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इसमें खाद्यान्न न होने पर उन्होंने दोनों गोदामों को सील कराया।
उसके बाद कप्तानगंज थाने में एसएमआई विवेक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। इस बारे में एसडीएम ने बताया जांच में इंदरपुर गोदाम में 490 बोरी नमक और 430 बोरी चीनी मिली। कप्तानगंज गोदाम में चावल का नामोनिशान नहीं था। दोनों गोदाम को सील करते हुए एसएमआईं के खिलाफ क्षेत्रीय विपणन अधिकारी फरहद अफरोर से तहरीर दिलवाई गई। एसडीएम ने बताया कि 18 जून को लिखित शिकायत मिली थी। उसके बाद जांच करके कार्रवाई की गई।