मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार को बीईओ ने प्राइवेट विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो निजी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए दोनों विद्यालयों को बंद करा दिया। उन्होंने इन विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं को नजदीक के परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का निर्देश देते हुए दोनों विद्यालयों के संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है।
बीईओ जयंत भारती ने सबसे पहले लॉर्ड बुद्धा एकेडमी, पूरनहा बुजुर्ग पहुंचे। यहां जांच में पाया कि विद्यालय कक्षा एक से लेकर 10वीं तक बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा था। जब विद्यालय संचालक से मान्यता संबंधी अभिलेख मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर बीईओ ने तत्काल विद्यालय बंद करवा दिया और बच्चों को नजदीकी परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने के लिए कहा। इसके बाद बीईओ अमिता इंटरनेशनल स्कूल, बेतिया ठोरी मोड़ पहुंचे। यहां भी कक्षा एक से पांचवीं तक विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहा था। जांच के दौरान यहां भी कोई मान्यता संबंधी अभिलेख नहीं मिला। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय को बंद करा दिया गया। दोनों विद्यालयों के संचालकों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। उन्होंने चेताया कि दुबारा बिना मान्यता के विद्यालय का संचालन मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।