दो अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील किया
बिना किसी वैध कागजात के संचालित हो रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। कस्बे में संचालित दो अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटर को एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। ये दोनों बिना किसी वैध कागजात के संचालित हो रहे थे। इस कार्रवाई से कस्बा समेत आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी केंद्र संचालकों में हड़कंप मचा है।
मंगलवार को एसडीएम कोमल यादव व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रामकोला डॉ. एपी गुप्ता की संयुक्त टीम ने कस्बा के डीसीएफ चौक के पास संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। यहां संचालक से कागजात मांगने पर उसके पास मौके पर कोई कागजात नहीं मिला। इसके बाद टीम बंदेलीगंज के पास पहुंची और यहां संचालित एक अन्य डायग्नोसिस सेंटर को भी सही कागजात नहीं मिलने पर सील कर दिया। एसडीएम कोमल यादव ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी संस्थानों बिना किसी वैध कागजात के संचालन नहीं करना चाहिए। अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर और अस्पतालों पर कार्रवाई के लिए इस तरह का अभियान अनवरत चलता रहेगा। इसमें किसी तरह की अनियमितता मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।