पकवा इनार। बुद्ध इंटर कॉलेज के सामने बुधवार को माल लदे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ट्रकों के चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी कसया भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर बुधवार की सुबह करीब चार बजे पानी की बोतल लदा ट्रक बिहार जा रहा था, लेकिन कुशीनगर ओवरब्रिज पर कुछ गड़बड़ी आने से वह चढ़ नहीं पाया। चालक ट्रक को धीरे-धीरे पीछे कर रहा था, इसी बीच गोरखपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टाइल्स लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में टाइल्स लदे ट्रक के चालक साहुन खान और खलासी फैजल घायल हो गए। वह राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं।
वहीं, पानी की बोतल लदे ट्रक के चालक सूर्यनाथ यादव पीपीगंज गोरखपुर व खलासी राजू कन्नौजिया पिपराइच के रहने वाले हैं। यह भी घायल हो गए। घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दे दी गई है। हादसे में दोनों वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने क्रेन की मदद से उन्हें मार्ग से हटवाया, तब आवागमन सामान्य हुआ।
पानी के बोतल का कारोबारी दोपहर करीब 3 बजे माल उतरवाकर दूसरे वाहनों से गंत्वय को भिजवाया दिया, जबकि टाइल्स लदा ट्रक क्षतिग्रस्त हालत में डिवाइडर व मुख्य लेन में खड़ा है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सुजीत पांडेय ने कहा कि घटना की सूचना के बाद पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया।