तैराकी के लिए आठ और कुश्ती के दो खिलाड़ियों का हुआ चयन
- बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का हुआ चयन
- हॉकी के लिए दो बालक और दो बालिकाओं का हुआ चयन
- तैराकी के लिए 15 और कुश्ती के लिए दो खिलाड़ी आए थे ट्रॉयल देने
कुशीनगर। आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों और केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए मंगलवार को तैराकी एवं कुश्ती के लिए अंडर 12 और 15 वर्ष के खिलाड़ियों का ट्रॉयल हुआ। इसमें तैराकी के लिए आठ और कुश्ती के लिए दो खिलाड़ियों का चयन किया गया। इनके अतिरिक्त अंडर-15 के दो बालक और दो बालिकाओं का चयन हॉकी के लिए हुआ।
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के निर्देश पर आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों के लिए 12 वर्ष एवं केंद्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए 15 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों का ट्रॉयल और चयन किया जा रहा है। ट्रॉयल सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चल रहा है। मंगलवार को जिला स्टेडियम में तैराकी और कुश्ती के लिए खिलाड़ियों का ट्रॉयल हुआ।
क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने बताया कि तैराकी के लिए 15 खिलाड़ी ट्रॉयल देने पहुंचे थे। इनका फिजिकल (बैट्री टेस्ट) और स्किल्ड टेस्ट लेने के बाद तैराकी का ट्रॉयल हुआ। इनमें से आठ योग्य पाए गए। उनका चयन कर लिया गया। इसके अलावा कुश्ती के लिए 10 खिलाड़ी आए थे। उनमें से दो का चयन हुआ। उन्होंने बताया कि अंडर-12 की आठ बालिकाओं का चयन तैराकी में हुआ है, जबकि अंडर-15 के दो बालकों का चयन कुश्ती मे हुआ है।
इसके अलावा अंडर-15 में हॉकी के लिए दस बालक आए थे, जिनमें से दो का चयन हुआ, जबकि इसी आयु वर्ग की दो लड़कियां भी हॉकी में ट्रॉयल के लिए आई थीं। उन दोनों का भी चयन कर लिया गया।
खिलाड़ियों के दांतों और आधारकार्ड से उम्र का मैच नहीं
क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि छात्रावासों के लिए अंडर 12 और 15 के खिलाड़ियों का ट्रॉयल हो रहा है। खिलाड़ियों की उम्र की गणना आधार कार्ड में दर्ज उम्र और उनके दांतों की संख्या के आधार पर किया जा रहा है। 12 साल के खिलाड़ियों के 24 और 15 साल के खिलाड़ियों के 28 दांत होने चाहिए, लेकिन आधार कार्ड और दांतों के हिसाब से उम्र मैच न होने से भी कई खिलाड़ी छंट जा रहे हैं।