सीताराम चौराहा। सेवरही थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत दुमही में पंचायत भवन की चाबी को लेकर सोमवार की रात दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और अफरा-तफरी मच गई।
तनावपूर्ण माहौल के बीच मंगलवार की सुबह दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए। बहस बढ़ते ही दोबारा हाथापाई शुरू हो गई। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी राकेश प्रताप सिंह और थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर हालात काबू में किए।
गांव के बुद्धिजीवियों व जनप्रतिनिधियों की मदद से दोनों पक्षों को समझाया गया। कुछ युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया। पुलिस की तत्परता से गांव में माहाैल बिगड़ने से बच गया। एसओ सेवरही धीरेंद्र राय ने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद